छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कार सवार युवती की स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवती चलती BMW कार की सनरूफ खोलकर डांस करती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार रसूखदार युवक को पकड़ लिया है। साथ ही उसकी कार भी जब्त कर ली गई है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे की है। जानकारी के मुताबिक रविवार रात BMW कार सवार युवक हाईवे पर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहा था। इसी दौरान कार का सनरूफ खोलकर उसकी गर्लफ्रेंड डांस करती नजर आई। चलती कार में स्टंट और लापरवाही का यह वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने BMW कार जब्त की सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए BMW कार जब्त कर ली। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने उसमें सवार युवक की पहचान प्रतीक लूथर (36), निवासी शुभम विहार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने युवक को कार समेत पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान प्रतीक लूथर ने स्वीकार किया कि उसने वाहन चलाते समय यातायात नियमों का उल्लंघन किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की। कानून का उल्लंघन नहीं, खुद की जान को खतरा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की होड़ में लोग सिर्फ कानून का उल्लंघन ही नहीं करते, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षा से भी खिलवाड़ करते हैं। इस मामले में भी वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है। हाईवे पर स्टंट बन रहे हादसों की बड़ी वजह पुलिस और यातायात विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्टंट और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनता जा रहा है। खासकर लग्जरी और तेज रफ्तार वाहनों में युवा स्टंट करते हुए वीडियो बनाते हैं, जिससे कई बार गंभीर हादसे हो चुके हैं। चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलना यातायात नियमों के खिलाफ है और इसे बेहद असुरक्षित माना जाता है। एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि हाईवे पर एक छोटी सी गलती भी जानलेवा साबित हो सकती है। सावधानी बरतने की पुलिस की अपील चकरभाठा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें और किसी भी तरह के स्टंट से बचें। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के लिए बनाए जाने वाले ऐसे वीडियो कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकते हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ………………… इससे जुड़ी यह भी पढ़िए… कोरबा में चलती स्कॉर्पियो में स्कूल स्टूडेंट्स का स्टंट…VIDEO: विंडो से बाहर निकलकर रील्स बनाई, सेल्फी ली, लड़कियों ने दिए पोज, फेयरवेल-पार्टी में पहुंचे थे छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूल स्टूडेंट्स 3 स्कॉर्पियो में सवार होकर स्टंट करते नजर आए हैं। चलती कार के विंडो से निकलकर किसी ने रील बनाया, तो कोई सेल्फी लेता नजर आया। इस दौरान लड़कियों ने भी विंडो से बाहर निकलकर पोज दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला बालको क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…

Source: Source