इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की कीट विज्ञान परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक प्रोफेसर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पेपर लीक का कनेक्शन दुर्ग के एक निजी कॉलेज से सामने आया है। 20 अगस्त को होने वाली परीक्षा से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र WhatsApp के जरिए छात्रों तक पहुंच गया था। पेपर वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा स्थगित कर दी थी। इसके बाद तेलीबांधा थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने रायपुर के अलावा दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में दबिश दी। तकनीकी जांच, मोबाइल फोन और WhatsApp चैट के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। पुलिस को आशंका है कि प्रश्नपत्र पहले दुर्ग के निजी कॉलेज से बाहर निकाला गया था। इसके बाद इसे WhatsApp के जरिए छात्रों तक पहुंचाया गया। जांच में कुछ छात्रों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस अब पेपर लीक के पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में अब तक 16 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। कवर्धा के दो छात्रों से भी पुलिस पूछताछ कर चुकी है।

Source: Source