सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-130 (अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग) पर जजगा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए और कई मीटर तक घिसटते चले गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। दोनों ग्रामीण मेहमानी में जजगा आए थे और रात करीब 10 बजे वापस लौट रहे थे। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक जजगा की ओर से आ रहे बाइक सवार जैसे ही ग्रामीण सड़क से नेशनल हाईवे-130 पर पहुंचे, तभी बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर कई मीटर तक घिसटते रहे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत, कार सवार मौके से फरार हादसे की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक से टक्कर के बाद कार का इंजन भी डैमेज हो गया, जिससे वाहन घटनास्थल पर ही बंद हो गया। इसके बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। मृतकों की पहचान जय सिंह (50) और रामकुमार (60), निवासी महुआटिकरा थाना दरिमा के रूप में हुई है। दोनों जजगा में मेहमानी करने आए थे और रात में खाना खाने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि बाइक सवार शराब के नशे में थे। वहीं लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

: Source