अमृतसर के गग्गोमाहल गांव का 25 वर्षीय लवप्रीत सिंह पिछले एक महीने से रूस में लापता है। वह डेढ़ साल पहले बेहतर रोजगार के लिए रूस गया था, लेकिन अब परिवार से उसका कोई संपर्क नहीं है। परिवार के अनुसार, लवप्रीत के साथियों ने बताया है कि उसे और दो अन्य पंजाबी युवकों को रूसी सेना ने हिरासत में ले लिया है। आशंका जताई जा रही है कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध के हालात में फंस गया है। मां सुखदीप कौर ने सरकार से गुहार लगाई है। परिवार पहले एक लाख रुपये ठगी का भी शिकार हुआ, जब कुछ लोगों ने लवप्रीत से बात करवाने का झांसा दिया और फिर फोन बंद कर लिए। गांव के लोग भी चिंतित हैं। परिवार ने पंजाब सरकार, केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप कर लवप्रीत को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है। फिलहाल विदेश मंत्रालय से इस मामले में अब तक कोई पुष्टि नहीं आई है।

Source: Source