हरियाणा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव बहाल करवाने की मांग को लेकर इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) ने शुक्रवार को आईबी पीजी कॉलेज में ज्ञापन सौंपा। इनसो के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज देशवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र जैलदार के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन दिया। संगठन ने मांग की कि प्रदेश के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को सीधे मतदान के जरिए अपना प्रतिनिधि चुनने का अधिकार दिया जाए। इनसो नेताओं ने कहा कि छात्र संघ चुनाव केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने का जरिया हैं। बलराज देशवाल ने बताया कि हरियाणा में वर्ष 1996 में तत्कालीन बंसीलाल सरकार के समय प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव बंद कर दिए गए थे और वर्ष 2018 में छात्र संघ चुनाव दोबारा शुरू हुए, लेकिन उस समय अप्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली अपनाई गई थी, जिसमें सभी विद्यार्थियों को सीधे मतदान करके अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं मिलता। इनसो की मांग है कि अप्रत्यक्ष प्रणाली के बजाय प्रत्यक्ष चुनाव कराए जाएं, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। देशवाल ने आरोप लगाया कि छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाने पर छात्र नेताओं को प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ा है और मुख्यमंत्री के पानीपत दौरे से पहले छात्र नेताओं को दो बार डिटेन किया गया था। इनसो ने पहले एसडी पीजी कॉलेज में भी ज्ञापन सौंपा था और आगे आर्य पीजी कॉलेज सहित अन्य महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों से संवाद कर इस मांग के समर्थन में ज्ञापन सौंपे जाएंगे। Source: Source Post navigation लाहिड़ी कॉलेज की छत से टपक रहा प्लास्टर: छात्र बरामदे में बैठने को मजबूर, जर्जर इमारत बनी जान का खतरा CAT 2026: सभी परीक्षा केंद्रों पर AI आधारित फेशियल रिकग्निशन से होगी उम्मीदवारों की पहचान, एडमिट कार्ड की जांच जारी रहेगी