महेंद्रगढ़ जिले के कनीना में 52 साल पुराने बस स्टैंड का आधुनिकीकरण किया जाएगा। परियोजना पर करीब 6.75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। नए बस स्टैंड का निर्माण 455 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री और अटेली विधायक आरती सिंह राव ने बताया कि यह क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नए बस स्टैंड से हजारों यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। कनीना बस स्टैंड का निर्माण वर्ष 1974 में शुरू हुआ था और 1983 में इसका उद्घाटन किया गया था। यात्रियों की बढ़ती संख्या और आधुनिक सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए लंबे समय से इसके नवीनीकरण की मांग की जा रही थी। नए बस स्टैंड में प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्किंग, स्वच्छ पेयजल और दिव्यांगजन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बसों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी। परियोजना की निविदा प्रक्रिया ई-टेंडरिंग के माध्यम से पूरी की जा रही है।

Source: Source