करनाल में बजीदा के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना रात करीब 10 बजे की है। सूचना मिलने पर जीआरपी करनाल की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक की पहचान दहा गांव निवासी अंशुल के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार अंशुल मानसिक रूप से कमजोर था और मजदूरी का काम करता था। पुलिस ने आज दोपहर बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया। जीआरपी करनाल के सब इंस्पेक्टर ऋषि कुमार ने बताया कि बीती रात ट्रेकमैन के माध्यम से स्टेशन मास्टर को सूचना मिली थी कि एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है, जिसके बाद स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को जानकारी दी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक की पहचान करने का प्रयास किया और मृतक के पास से मिले मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों से संपर्क किया गया, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान दहा निवासी अंशुल के रूप में की। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रात को परिवार में किसी फंक्शन में जाने की बात कहकर अंशुल घर से निकला था और इसके बाद वह वापस गांव की तरफ जा रहा था, इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस के अनुसार परिवार ने इस घटना को लेकर किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एसआई ऋषि कुमार ने लोगों से अपील की कि रेलवे ट्रैक पार करते समय हमेशा सावधानी बरतें और जल्दबाजी में ट्रैक पार करने से बचें।

Source: Source