बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कर्री जंगल में हुए लाखों रुपये के जुआ मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुनील कुमार यादव को बलंगी पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने आरोपी को वाड्रफनगर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामला 18 मई को कर्री जंगल में जुआ खेलने की सूचना के बाद हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा है। संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी कर कुछ आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान सुनील कुमार यादव अपने साथियों के साथ फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। करीब दो महीने बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

Source: Source