कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के घर हुई करीब 3.15 करोड़ रुपये की लूट की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपियों ने लूट का सामान आपस में बांट लिया था। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद करने की तैयारी कर रही है। इस मामले में कमल, साहिल, प्रिंस और अंश जैन उर्फ लाला को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने अब तक करीब 5.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। कमल के भाई समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस उन लोगों से भी पूछताछ कर रही है जो वारदात से पहले या बाद में आरोपियों के संपर्क में थे। जांच में कमल द्वारा गोदारा और भाऊ गैंग को 20-20 लाख रुपये देने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस दावे और आरोपियों के इन गिरोहों से कथित संपर्क की जांच कर रही है। इसी घर में 20 मार्च को हुई चोरी के मामले की जांच भी एक जेल में बंद आरोपी तक पहुंची है। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। शिकायत के अनुसार 6 अगस्त की रात बदमाशों ने घर में घुसकर एडवोकेट की पत्नी को बंधक बनाया और पिस्टल के बल पर तिजोरी व डिजिटल लॉकर से नकदी और जेवर लूट लिए थे।

Source: Source