कुरुक्षेत्र के पिहोवा में भारत नगर में बदमाश घर के गेट से बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बाली छीनकर भाग गए। महिला घर का गेट बंद करके अंदर जा रही थी। महिला ने विरोध करते हुए छीना-झपटी कर रहे आरोपी के मुंह पर थप्पड़ भी मारा, लेकिन वह एक कान की बाली लेकर भाग गया। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया। महिला सतवंत कौर अपने पति के साथ रहती है और वारदात के समय घर पर पति का इंतजार कर रही थी। छीनी गई बाली करीब आधा तोले की बताई जा रही है। महिला ने बताया कि शाम करीब 6 बजे वह घर के गेट से अंदर आ रही थी, इसी दौरान बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक स्टार्ट करके घर से थोड़ा आगे बैठा रहा, जबकि दूसरा उसके पास आया। महिला ने गेट बंद करने की कोशिश की तो युवकों ने उसे दरवाजा बंद नहीं करने दिया और एक युवक ने अचानक उसके कान की बाली पकड़कर छीनने लगा। बाली खींचने से दर्द हुआ तो उन्होंने उसके मुंह पर थप्पड़ मारा, लेकिन युवक बाली लेकर भाग गया। महिला ने शोर मचाया, मगर आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। महिला ने बताया कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकती हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पिहोवा सिटी थाना एसएचओ सुनील वत्स मौके पर पहुंचे और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है, ताकि बाइक और आरोपियों की पहचान की जा सके।

Source: Source