कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद बॉक्सर प्रीति पंवार का नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके पिता सोमबीर पंवार, परिवार के सदस्य, कोच और मुक्केबाजी संघ के प्रतिनिधि उन्हें लेने पहुंचे। पदक के साथ बेटी को देखकर परिवार ने गर्व और खुशी व्यक्त की। घर पहुंचने पर उनकी मां ने आरती उतारकर स्वागत किया। प्रीति मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले के बडेसरा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने अपने चाचा और कोच विनोद पंवार से मुक्केबाजी का प्रशिक्षण लिया। प्रीति इससे पहले एशियन गेम्स 2023 में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं। वह वर्तमान में मिलिट्री पुलिस में जूनियर कमीशंड ऑफिसर के रूप में सेवाएं दे रही हैं और पहली महिला जेसीओ हैं। हाल ही में रोहतक में उन्हें पुलिस अधिकारियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। प्रीति ने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान जापान में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारी पर है। उन्होंने बताया कि उनका अंतिम लक्ष्य ओलंपिक में पदक जीतकर देश के लिए राष्ट्रगान बजते हुए सुनना है।

Source: Source