भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शनिवार को गुरुग्राम पहुंचे। द्वारका एक्सप्रेसवे के बजघेड़ा टोल प्लाजा पर विधायक मुकेश शर्मा ने उनका स्वागत किया। नितिन नबीन भोराकलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में आयोजित रक्तदान महाअभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग पद्धति आज पूरी दुनिया में पहचान बना चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को योग के वैश्विक विस्तार का प्रमुख कारण बताया। नितिन नबीन ने युवाओं से रक्तदान और नशामुक्ति के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से आत्मसंतुष्टि मिलती है और नई पीढ़ी की भागीदारी सकारात्मक संकेत है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज संस्थान के सामाजिक सेवा प्रयासों की भी सराहना की। ओआरसी की निदेशिका आशा दीदी ने रक्तदान के साथ समाज में नैतिक मूल्यों के प्रसार को भी जरूरी बताया। उन्होंने राजयोग और अध्यात्म के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया। यह महाअभियान 21 से 25 अगस्त तक भारत के साथ नेपाल में भी आयोजित किया जाएगा। संस्थान के अनुसार, वर्ष 2025 में अभियान के तहत 88,500 यूनिट रक्त एकत्र किया गया था। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ब्रह्माकुमारीज संस्थान से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Source: Source