चंडीगढ़ में गैस बिल बकाया होने का झांसा देकर करीब छह लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में झारखंड के जामताड़ा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 23 वर्षीय बिमल कुमार मंडल उर्फ विदुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में मोबाइल फोन से अदाणी गैस ग्राहकों का डाटा और संदिग्ध APK फाइलें मिली हैं। आरोपी कथित तौर पर खुद को गैस कंपनी का कर्मचारी बताकर ग्राहकों से संपर्क करता था। वह बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन काटने की धमकी देता था। इसके बाद बिल अपडेट करने के नाम पर मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाता था। पुलिस के अनुसार, इस फाइल के जरिए बैंकिंग और भुगतान संबंधी जानकारी का दुरुपयोग किया जाता था। डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और UPI से अनधिकृत लेनदेन किए जाने की बात सामने आई है। जांच में आरोपी द्वारा टेलीग्राम के जरिए ग्राहक डाटा और APK फाइल हासिल करने का भी पता चला है। पुलिस को संदेह है कि किसी गैस कंपनी कर्मचारी ने ग्राहकों का डाटा साइबर ठगों तक पहुंचाया होगा। इस पहलू की जांच जारी है और संबंधित कर्मचारी की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। आरोपी को पांच दिन की पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Source: Source