जशपुरनगर के खटंगा गांव स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्र को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। जनपद पंचायत दुलदुला के उपाध्यक्ष रविन्द्र कुमार गुप्ता और शिक्षा विभाग के सहयोग से यह सहायता उपलब्ध कराई गई। ट्राइसाइकिल मिलने से छात्र को अब स्कूल आने-जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जनपद उपाध्यक्ष ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जरूरी संसाधन मिलने से बच्चों की पढ़ाई आसान होती है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि छात्र पढ़ाई में रुचि रखता है। हालांकि, आवागमन की समस्या उसके लिए बड़ी बाधा बनी हुई थी। ट्राइसाइकिल मिलने के बाद छात्र नियमित रूप से समय पर स्कूल पहुंच सकेगा। इससे उसकी शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी। इस पहल को दिव्यांग बच्चों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Source: Source