जालंधर कैंट में तैनात सेना का 31 वर्षीय जवान बसंत कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बसंत मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा का रहने वाला है। वह 6 जुलाई को छुट्टी पूरी कर वापस ड्यूटी पर लौटा था। 13 जुलाई से वह बिना सूचना के गैरहाजिर है। सेना की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि आखिरी बातचीत में बसंत काफी घबराया हुआ था। उसने बताया था कि उसके मुंह पर पट्टी बंधी है और कुछ लोग उसे कहीं ले जा रहे हैं। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार ने अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मोबाइल टावर लोकेशन के जरिए जवान का पता लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source: Source