जालंधर के जेल रोड पर ब्रेक फेल होने से एक बोलेरो अनियंत्रित हो गई। बोलेरो गलत दिशा में जाकर दो कारों और एक एक्टिवा से टकरा गई। हादसे में सभी वाहन क्षतिग्रस्त हुए, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। बोलेरो चालक दिलीप कुमार के अनुसार अचानक वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया था। वाहन को रोकने के प्रयास में उन्होंने बोलेरो को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। इसी दौरान बोलेरो अन्य वाहनों से टकरा गई। कार चालक अकरम ने बताया कि उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी, तभी बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। कार में सवार दो लोगों को मामूली झटका लगा, जबकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। एक्टिवा सवार तरुण सोंधी ने हादसे के लिए चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। उन्होंने ब्रेक फेल होने के दावे पर भी सवाल उठाए। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक बहस और हंगामा होता रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर हादसे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।

Source: Source