जालंधर के गोराया में नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में पटियाला से ब्यास जा रही टैक्सी कार सड़क किनारे खड़े थ्री-व्हीलर (ऑटो) से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार चार यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा तब हुआ जब टैक्सी ड्राइवर रणजीत सिंह अपनी कार में चार सवारियों को लेकर पटियाला से ब्यास की ओर जा रहा था। गोराया के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी कार को साइड मार दी। खुद को और सवारियों को बचाने की कोशिश में रणजीत सिंह ने स्टेयरिंग दूसरी तरफ मोड़ी, जिससे कार का टायर कट गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े थ्री-व्हीलर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में मौजूद सवारियों को चोटें आईं। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी की जान नहीं गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना मिलते ही गोराया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन व स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाकर यातायात दोबारा शुरू कराया। पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Source: Source