जींद के नागरिक अस्पताल में मारपीट की घटना सामने आई है, जिससे मरीजों में हड़कंप मच गया। एमरजेंसी में इलाज के लिए आए दंपती ने डॉक्टर और स्टाफ पर दर्द की दवा मांगने पर पिटाई करवाने के आरोप लगाए हैं। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति युवक को थप्पड़ों से पीटता और गली पकड़कर खींचता दिख रहा है। वीडियो में दो व्यक्ति छुड़वाने का प्रयास करते भी दिख रहे हैं। युवक ने डॉक्टर पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जींद रोहतक रोड के भगवान नगर निवासी सन्नी नागराज ने बताया कि वीरवार को घर पर किसी बात को लेकर उसका अपने मामा के साथ झगड़ा हो गया था, जिसके बाद मामा के बेटों ने घर आकर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में उसकी पत्नी भावना को भी चोटें आईं। शाम करीब 5 बजे दोनों जिला नागरिक अस्पताल की एमरजेंसी में पहुंचे, जहां करीब दो घंटे तक कोई उपचार नहीं मिला। दर्द बढ़ने पर उसने डॉक्टर से दवाई देने को कहा, लेकिन बार-बार कहने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी बीच एक सिक्योरिटी गार्ड ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और फिर थप्पड़-मुक्कों से हमला कर दिया। हमले के दौरान उसकी पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। सन्नी ने बताया कि वीरवार को उसके भाई सतीश की तेहरवीं थी और इसी दौरान विवाद हुआ था। फिलहाल अस्पताल प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है।

Source: Source