डबवाली क्षेत्र में स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। हादसे में पति-पत्नी और उनका सात साल का बेटा घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। रोड से गुजरने वाले और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला तथा एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। कुछ देर बाद डबवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की पहचान के बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा गांव अलीकां के पास शुक्रवार रात हुआ। घायलों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव खिलानिया निवासी सोनिया, उनके पति मांगेराम और बेटे हार्दिक के रूप में हुई है। सोनिया पंजाब के एम्स बठिंडा में काम करती हैं और शुक्रवार शाम करीब साढ़े 7 बजे वह पति और बेटे के साथ राजस्थान नंबर की स्विफ्ट कार में सवार होकर अपनी सुसराल खिलानिया से डबवाली होते हुए एम्स बठिंडा ड्यूटी पर जा रही थी। अलीकां के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की टक्कर हो गई, जिसमें तीनों घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक का अभी कोई पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

Source: Source