पंजाब डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन ने लंबित मांगों को लेकर कलम छोड़ हड़ताल का ऐलान किया है। यह हड़ताल 23 से 26 जुलाई तक जारी रहेगी। हड़ताल के दौरान डीसी, एसडीएम, तहसील और सब-तहसील कार्यालयों में कामकाज बंद रहेगा। इससे जमीन, मकान और प्लॉट की रजिस्ट्री सेवाएं प्रभावित होंगी। इंतकाल, जमाबंदी और फर्द जैसे राजस्व कार्य भी ठप रहेंगे। तहसीलदार और एसडीएम अदालतों से जुड़े मामलों पर भी असर पड़ेगा। जाति, निवास और आय प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। हथियार लाइसेंस, कोर्ट मैरिज रजिस्ट्रेशन और शिकायतों के निपटारे का काम भी बाधित रहेगा। यूनियन ने विभागीय प्रमोशन और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग रखी है। कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन पर कथित धक्केशाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। यूनियन नेताओं का कहना है कि सरकार ने लंबे समय से उनकी मांगों का समाधान नहीं किया है। हड़ताल का फैसला पंजाब कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया।

Source: Source