नूंह के तावडू सदर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा हुआ। गांव छरोड़ा बस स्टैंड के पास कार सड़क किनारे स्थित टाइल शोरूम में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अनियंत्रित कार ने पहले सड़क पर जा रहे एक युवक को टक्कर मारी और उसे हवा में उछाल दिया। इसके बाद कार ने पिकअप, बाइक और दूसरी कार को भी टक्कर मार दी। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टाइल खरीदने आए बहरामपुर निवासी कपिल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ड्राइविंग के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Source: Source