फाजिल्का के माहूआना बोदला स्थित रेडिएंट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने 6 पंजाब बटालियन (NCC) मलोट के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली में NCC कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थियों और सेना के जवानों ने हिस्सा लिया। स्कूल परिसर से शुरू हुई रैली अर्नीवाला के विभिन्न बाजारों से होकर गुजरी, जहां लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। स्थानीय लोगों ने भी रैली का समर्थन किया। स्कूल के कार्यकारी निदेशक डॉ. पंकज धमीजा ने नशे को समाज और खासकर युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बताया। प्रिंसिपल नीति सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में सरकार के साथ हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। अकादमिक प्रमुख डॉ. गुरवीन कौर ने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनाने में शिक्षा की भूमिका पर जोर दिया। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। स्कूल प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Source: Source