नारनौल में युवक के अपहरण, मारपीट और लूट के मामले में सीआईए ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गोपाल राजस्थान के सीकर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसे नारनौल के जलमहल क्षेत्र से पकड़ा। इससे पहले मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कैंपर वाहन और तीन लाठियां बरामद की थीं। पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को गौरव खेत से घर लौट रहा था। सुल्तान एकेडमी के पास कैंपर सवार आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे जबरन वाहन में बैठा लिया। उसे नसीबपुर बस अड्डे की ओर ले जाकर दोबारा पीटा गया। आरोपियों ने गौरव से 2 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिया। घायल अवस्था में उसे बस स्टैंड के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। गंभीर हालत में गौरव को जयपुर रेफर किया गया था। मामले में चौथे आरोपी की सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

Source: Source