पंजाब सरकार राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए आज एक महत्वपूर्ण पहल शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान लुधियाना में ‘सूरमा मुहिम’ का शुभारंभ करेंगे। यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरु नानक भवन में आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बाहर निकालकर मुख्यधारा से जोड़ना है। सरकार ने नशे को छोड़ने वाले युवाओं को ‘सूरमा’ यानी योद्धा का नाम दिया है। कार्यक्रम में ऐसे 100 युवाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने नशे की लत छोड़कर नई जिंदगी शुरू की है। सम्मानित होने वाले युवा अब रोजगार और मेहनत-मजदूरी के जरिए सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। सरकार इस पहल के माध्यम से अन्य युवाओं को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करना चाहती है। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था की है। समारोह में कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। सरकार का संदेश है कि नशा छोड़ने वालों को समाज और शासन दोनों का पूरा सहयोग मिलेगा। इस अभियान से पंजाब में सकारात्मक सामाजिक बदलाव और युवाओं के पुनर्वास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Source: Source