पठानकोट और सुजानपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कुल 1 किलो 682 ग्राम चरस और 12 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद ऑल्टो कार भी जब्त की गई है। पहले मामले में पुलिस ने दो युवकों को चरस के साथ पकड़ा। दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ऑल्टो कार में चरस लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। तलाशी के दौरान कार से 1 किलो 82 ग्राम चरस बरामद हुई। दूसरे मामले में सुजानपुर पुलिस ने एक युवक को 600 ग्राम चरस और 12 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को देखकर कथित तौर पर नशीले पदार्थों से भरा लिफाफा घास में फेंककर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

Source: Source