हरियाणा के पलवल जिले में साइबर ठगों ने सौंध गांव निवासी ओमप्रकाश के मोबाइल फोन को कथित तौर पर हैक कर उनके दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 1 हजार 500 रुपये निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक, 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे उनका मोबाइल फोन अचानक अपने आप बंद हो गया। फोन दोबारा चालू करने पर बैंक खातों से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। ठगों ने उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 8,500 रुपये निकाल लिए। इसके अलावा, दूसरे बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 45 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये निकाले गए। इस तरह दोनों खातों से कुल 1,01,500 रुपये की धोखाधड़ी हुई। घटना के बाद पीड़ित ने 22 अक्टूबर को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके अगले दिन, 23 अक्टूबर को उन्होंने साइबर क्राइम थाना पलवल में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज किया है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी पीएसआई मोहित भाटी ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोपियों का सुराग मिलने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source