हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से जारी हड़ताल के बीच प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। फतेहाबाद के जाखल में नगर पालिका ने 17 सफाई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर ड्यूटी जॉइन करने या लंबे समय से अनुपस्थित रहने का कारण बताने को कहा गया है। प्रशासन ने सफाई व्यवस्था प्रभावित होने को कार्रवाई का आधार बताया है। नोटिस में कहा गया है कि कर्मचारी बिना अनुमति धरने और हड़ताल में शामिल हैं। नगर पालिका ने सफाई कार्य को जरूरी सेवा बताया है। कर्मचारियों से पूछा गया है कि उनकी सेवाएं समाप्त क्यों न की जाएं। सफाई कर्मचारियों ने प्रशासन के नोटिस को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। नोटिस देने पहुंचे कर्मचारियों के सामने ही सफाई कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया। सफाई निरीक्षक सतगुरु सिंह ने बताया कि 17 कर्मचारियों को सेवा समाप्ति संबंधी कारण बताओ नोटिस दिए गए हैं। नोटिस लेने से इनकार के बाद उन्हें नगर पालिका कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार अब नोटिस कर्मचारियों के घरों पर भी भेजे जाएंगे। हड़ताल और प्रशासन के बीच बढ़ते विवाद के चलते आने वाले दिनों में टकराव और बढ़ने की आशंका है।

Source: Source