हरियाणा के हांसी में सफाई व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सफाई कार्य में बाधा डालने के आरोप में 18 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। ड्यूटी से गैरहाजिर मिले 11 नियमित सफाई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। DMC और ADC लक्षित सरीन ने सफाई व्यवस्था को प्रशासन की प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में किसी भी तरह की रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई का उद्देश्य कर्मचारियों को परेशान करना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना मुख्य लक्ष्य है। ADC ने कहा कि जो कर्मचारी ड्यूटी पर लौटकर काम शुरू करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों से काम पर वापस लौटने की अपील की है। सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को एजेंसी के कर्मचारियों के जरिए कराई जा रही सफाई का विरोध किया था। कर्मचारियों ने विधायक विनोद भयाना के घर के पास धरना देने के साथ नगर परिषद कार्यालय में भी नारेबाजी की थी। ADC ने अधिकारियों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से भी कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Source: Source