फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी के एक एमबीबीएस छात्र को गांजा रखने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच में पुलिस को पता चला कि छात्र दिल्ली से गांजा लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाता था। आरोपी कथित तौर पर छात्रों को 500 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से गांजा बेचता था। क्राइम ब्रांच ने उसे 200 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा था। पुलिस अब दिल्ली के उस सप्लायर की तलाश कर रही है, जिससे छात्र संपर्क में था। जांच में सामने आया कि आरोपी सप्लायर से इंटरनेट और व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क करता था। पुलिस के अनुसार खरीदे गए गांजे का भुगतान नकद में किया जाता था। आरोपी एमबीबीएस सेकेंड ईयर का छात्र है और जम्मू-कश्मीर का रहने वाला बताया गया है। इस मामले के बाद यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे छात्रों के अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों ने कैंपस में निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

Source: Source