झज्जर के बहादुरगढ़ में मंगलवार सुबह एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। सेक्टर-6 के गेट नंबर-4 के पास करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। उसके सिर और चेहरे पर ईंट-पत्थर से कई वार किए गए थे। शरीर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को सुबह करीब 7:50 बजे शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना के बाद सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। प्रारंभिक जांच में युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका है। हमलावर वारदात के बाद शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। शव के पास नमकीन और कोल्ड ड्रिंक समेत कुछ सामान भी मिला है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हत्या की वजह और आरोपियों की संख्या का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा।

Source: Source