झज्जर जिले में बहादुरगढ़ के लोगों को अब पुलिस संबंधी शिकायतों के लिए झज्जर स्थित पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस कमिश्नर सिमरदीप सिंह पहली बार बहादुरगढ़ में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनेंगे। इसके लिए गुरुवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक लघु सचिवालय स्थित पुलिस कार्यालय में विशेष जनसुनवाई रखी गई है। इस दौरान बहादुरगढ़ और आसपास के क्षेत्र के लोग अपनी पुलिस संबंधी शिकायतें सीधे पुलिस कमिश्नर के सामने रख सकेंगे। खास बात यह है कि क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब जिला मुख्यालय झज्जर तक जाने की जरूरत नहीं होगी। पुलिस कमिश्नर ने स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बहादुरगढ़ में ही सुनवाई करने की पहल की है। जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और पुलिस कमिश्नर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देंगे। इस पहल से आमजन को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तक सीधे पहुंच मिलेगी और पुलिस तथा जनता के बीच संवाद मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

Source: Source