बहादुरगढ़ बाजार में अतिक्रमण हटाने के दौरान मूर्तियां और पूजा सामग्री फेंके जाने के आरोपों पर अदालत ने ACP दिनेश कुमार को नोटिस जारी किया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने उन्हें 18 अगस्त तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता अधिवक्ता तरुण यादव ने ACP के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस स्तर पर भी मामले की जांच की गई। DCP की जांच में शिकायतकर्ता की ओर से दी गई पेन ड्राइव और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की गई। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार वीडियो में किसी धार्मिक मूर्ति का जानबूझकर अपमान या अनादर किए जाने के प्रमाण नहीं मिले। जांच रिपोर्ट में शिकायतकर्ता के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कानूनी कार्रवाई नहीं करने की सिफारिश की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के दौरान एक दुकान के बाहर रखी टेबल गिरने से उस पर रखी कुछ मूर्तियां भी नीचे गिर गई थीं। तरुण यादव ने इस मामले में पहले पुलिस कमिश्नर और DCP को भी शिकायत दी थी। उनके मुताबिक, उन्हें यह वीडियो एक प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर मिले अन्य वीडियो के बीच मिला था। ACP दिनेश कुमार इससे पहले बहादुरगढ़ में सब्जी की रेहड़ियां हटाने के लिए बुलडोजर चलाने के वीडियो को लेकर भी विवादों में रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद उनसे ट्रैफिक ACP का चार्ज वापस ले लिया गया था। दिनेश कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर रह चुके हैं और 2008 बीजिंग ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्हें 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक के साथ भीम और अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। ACP ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह धार्मिक व्यक्ति हैं और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।

Source: Source