जगदलपुर नगर निगम ने मानसून के दौरान स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू की है। पावर हाउस स्थित सेटलिंग टैंक में जमी गाद की सफाई शनिवार से शुरू की गई है। निगम का लक्ष्य करीब 180 टन गाद निकालने का है। महापौर संजय पांडेय ने बताया कि मानसून में इंद्रावती नदी का पानी मटमैला हो जाता है, जिससे जल शोधन व्यवस्था पर असर पड़ता है। इसी वजह से बारिश शुरू होने से पहले टैंकों की सफाई कराई जा रही है। सफाई कार्य पूरी तरह मैनुअल तरीके से किया जा रहा है। प्रतिदिन 8 से 10 श्रमिक सुरक्षा मानकों के तहत टैंक की सफाई में जुटे हुए हैं। समय पर सफाई नहीं होने पर दूषित पानी की आपूर्ति और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। नगर निगम ने नागरिकों से जल संरक्षण और पेयजल संबंधी समस्याओं की जानकारी तत्काल देने की अपील की है।

Source: Source