बालोद जिले के नए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने पदभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून से बड़ा कोई नहीं है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का कोई कर्मचारी भी गलत पाया गया तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। एसपी चव्हाण 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और महाराष्ट्र के कोल्हापुर के निवासी हैं। वे बिलासपुर, जगदलपुर और सुकमा जैसे क्षेत्रों में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने नक्सल प्रभावित इलाकों में काम के दौरान जनता से संवाद और विश्वास को महत्वपूर्ण बताया। बालोद में पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और शिकायतों के त्वरित समाधान की बात कही। एसपी ने नशा मुक्त और अपराध मुक्त समाज के लिए जनभागीदारी को जरूरी बताया। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताया। मीडिया से भी जनहित के मुद्दों पर सहयोग की अपील की गई है।

Source: Source