बालोद थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने झलमला सब्जी बाजार के पास 18 वर्षीय तुषार ठाकुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार चाकूनुमा हथियार बरामद किया गया। वहीं बालोद-औराभाठा रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे से 20 वर्षीय धनेश्वर कुमार ठाकुर उर्फ राजा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से प्लास्टिक की मूठ वाला लोहे का चाकू जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त हथियारों की कुल कीमत करीब 750 रुपये है। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ अभियान जारी है। एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।

Source: Source