हरियाणा के रेवाड़ी के धारूहेड़ा में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय मकान मालिक अपनी बुआ की 13वीं में शामिल होने मुंबई गया हुआ था। परिवार ने बेटी की शादी के लिए लंबे समय से गहने जुटाकर घर में रखे थे। घर लौटने पर मकान मालिक ने सामान बिखरा हुआ देखा और चोरी का पता चला। चोरी की घटना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस के अनुसार चोर सोने और चांदी के कई आभूषणों के साथ करीब 40 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी हुए सामान में अंगूठियां, सोने के बिस्कुट और सिक्के शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा मंगलसूत्र, झुमके, बालियां, टॉप्स और चांदी के सामान भी चोरी हुए। चोरों ने उसी रात इलाके के दो अन्य मकानों को भी निशाना बनाया। एक अन्य घर से भी गहने चोरी किए गए, जबकि दूसरे घर में चोरी का प्रयास सफल नहीं हुआ। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में नकाबपोश तीन युवक बाइक से जाते और एक घर के बाहर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।

Source: Source