भिवानी जिले के गांव बारवास के सरकारी स्कूल में कक्षा 11वीं के छात्र दीपांशु ने दो अध्यापकों पर पिटाई का आरोप लगाया है। घटना 28 अक्टूबर की बताई जा रही है। छात्र का कहना है कि उसे चोटें आई हैं और उसका भिवानी में इलाज चल रहा है। दीपांशु, बसीरवास निवासी विनोद का बेटा है और उसने बताया कि स्कूल में उसके साथ चार बार मारपीट हुई। छात्र के मुताबिक, अध्यापक राजेश और दिनेश ने उसके साथ मारपीट की थी, इससे पहले अध्यापक सुरेश ने भी उसकी पिटाई की थी। घटना के बाद दीपांशु ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लोहारू के उपनागरिक अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर बताकर उसे जिला नागरिक अस्पताल, भिवानी रेफर किया गया। छात्र के माता-पिता और भाई ने स्कूल पहुंचकर अध्यापकों से घटना के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, इसलिए उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। इस संबंध में लोहारू पुलिस थाने में शिकायत दी गई है। स्कूल के अध्यापक राजेश ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि छात्राओं ने कक्षा 12वीं के कुछ विद्यार्थियों के खिलाफ शिकायत दी थी, जिसमें छात्राओं पर कमेंट करने, गंदे इशारे करने और गाली-गलौच करने की बात कही गई थी तथा इसी शिकायत के आधार पर दीपांशु से पूछताछ की गई थी, लेकिन उसके साथ मारपीट नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दीपांशु के परिजनों ने स्कूल में तोड़फोड़ की और उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

Source: Source