अमृतसर पंजाब में 2027 में होने विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं। पंजाब कांग्रेस के सह-प्रभारी सूरज सिंह ठाकुर रविवार को शहर में पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी स्थान पर कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में फैसला लिया गया कि अगले महीने से शहर के पांचों विधानसभा हलकों में तीन-तीन विशेष यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं का मुख्य उद्देश्य सभी हलकों में दौरा करके स्थानीय लोगों को सीधे पार्टी के साथ जोड़ना है। इसके साथ ही, पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इन यात्राओं के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाएंगे। इसके लिए बैठक में मौजूद सभी नेताओं को विशेष दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। इस मौके पर कांग्रेसी नेत्री ममता दत्ता, जिला शहरी प्रधान मिट्ठू मदान, पूर्व विधायक सुनील दत्ती, पूर्व डिप्टी सीएम ओम प्रकाश सोनी, पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी, पूर्व विधायक इंद्रबीर सिंह बुलारिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकुमार वेरका और पूर्व जिला प्रधान अश्वनी कुमार पप्पू शामिल हुए। सह-प्रभारी सूरज सिंह ठाकुर ने सभी नेताओं को एकजुट होकर अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और इन यात्राओं को पूरी तरह सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

: Source