मोहाली के जीरकपुर स्थित पालम एन्क्लेव में बुधवार सुबह एक दिव्यांग व्यक्ति से स्नैचिंग की वारदात हुई। घर से इंस्टीट्यूट जाते समय बाइक सवार दो युवकों ने सुरिंदर पाल को निशाना बनाया। आरोपियों ने महज दो सेकंड में उनके हाथ से पर्स छीन लिया। इसके बाद दोनों युवक तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए। दिव्यांग होने के कारण सुरिंदर पाल आरोपियों का पीछा नहीं कर सके। पर्स में करीब पांच हजार रुपये नकद और कई जरूरी सामान रखे थे। इनमें मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, आईडी कार्ड और दिव्यांगता प्रमाण पत्र शामिल थे। जरूरी दस्तावेज और दिव्यांगता प्रमाण पत्र खोने से पीड़ित को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। घटना के बाद सुरिंदर पाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और सामान वापस दिलाने की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उन्हें अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं पर चिंता जताई है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और घटनास्थल के CCTV फुटेज की जांच करने की मांग की है। CCTV फुटेज से बाइक सवार आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।

Source: Source