यमुनानगर के बाड़ी माजरा क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर में नहाने गए एक युवक के डूबने की घटना सामने आई है। 28 वर्षीय गौरव तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। देर शाम तक नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। लापता युवक की पहचान शंभू कॉलोनी निवासी गौरव के रूप में हुई है। वह मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था और अपने मामा के साथ रहता था। बताया गया कि उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के समय गौरव अपने कुछ दोस्तों के साथ बाइक से नहर में नहाने पहुंचा था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। नहर किनारे उसकी बाइक और कपड़े मिले, जिनसे उसकी पहचान हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गोताखोर लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।

Source: Source