यमुनानगर में NH-344 पर मंडौली गांव के पास करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव हाईवे किनारे नाले के पास झाड़ियों में पड़ा था। मृतक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। मौके पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार के टूटे हुए हिस्से भी बरामद हुए। पुलिस को आशंका है कि तेज रफ्तार कार ने व्यक्ति को टक्कर मारी होगी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मंडौली निवासी एक राहगीर ने झाड़ियों में व्यक्ति को पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल व्यक्ति को सरकारी वाहन से यमुनानगर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई और कार के टूटे पार्ट कब्जे में लिए हैं। प्रारंभिक जांच में सफेद स्विफ्ट कार से टक्कर की आशंका जताई गई है। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने और हादसे में शामिल कार का पता लगाने में जुटी है।

Source: Source