त्योहारों से पहले मिठाई और दूसरी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने खाद्य विभाग ने राजधानी रायपुर में बड़ी कार्रवाई की है। बिरगांव की खत्री स्वीट्स में मिठाई बनाने के लिए रखे दूध में कीड़े मिले, वहीं समता कॉलोनी की ब्रेड फैक्ट्री में परिसर के अंदर चूहे घूमते दिखाई दिए, जबकि रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास अग्रवाल मिठाई वाला में भी गंदगी के बीच मिठाइयां बनाई जा रही थीं। इन गड़बड़ियों के बाद खाद्य विभाग ने तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं तथा बड़ी मात्रा में मिठाई और ब्रेड नष्ट कराने के साथ एक दुकान से भारी मात्रा में पैक्ड मिठाई जब्त की है। शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल खुद टीम के साथ निरीक्षण करने पहुंचे और टीम ने बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास तथा कमल विहार में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। खत्री स्वीट्स, बिरगांव में दूध में कीड़े तैरते मिले और काजू व मिठाइयों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद टीम ने काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के सैंपल लिए तथा करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम समेत अन्य सामग्री नष्ट कराई और दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया। लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट), समता कॉलोनी में ब्रेड फैक्ट्री में कई चूहे घूमते मिले और स्टोर रूम में भी गंदगी थी, जिसके चलते करीब 80 किलो अलग-अलग तरह की ब्रेड नष्ट कराई गई और फैक्ट्री का लाइसेंस निलंबित किया गया। अग्रवाल मिठाई वाला, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास मिठाई बनाने की जगह के फर्श पर गंदगी मिली, जहां टीम ने बेसन, लड्डू और घी के सैंपल लिए तथा 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू खोवा, 5 किलो दूध खोवा और 25 किलो खोवा-काजू मिक्स समेत अन्य सामग्री नष्ट कराई और इस दुकान का भी लाइसेंस निलंबित किया गया। कृष्णा स्वीट्स, कमल विहार बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिली, जहां पैक्ड मिठाइयों की ट्रेडिंग हो रही थी और टीम ने कुन्दा व मैसूर पाक के सैंपल लेने के साथ 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3,960 किलो कुन्दा जब्त किया। खाद्य विभाग ने तीनों निलंबित प्रतिष्ठानों को स्वच्छता के सभी मानक पूरे होने तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं और खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source