रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर तीन लोगों से 3.78 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रमोद केशरवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपी पर खुद को मंत्री और अधिकारियों का करीबी बताकर नौकरी दिलाने का भरोसा देने का आरोप है। शिकायतकर्ता धन्नू राम ध्रुव के अनुसार आरोपी वर्ष 2023 में उनके घर के पास किराए से रहता था। वह अक्सर अधिकारियों से पहचान और संपर्क होने का दावा करता था। आरोपी ने राजस्व विभाग में भर्ती के नाम पर नौकरी लगवाने की बात कही थी। परमेश्वर मरकाम की नौकरी के लिए उससे शैक्षणिक दस्तावेज लेकर 2.50 लाख रुपये की मांग की गई। परिवार ने पहले 20 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे और बाद में 2.10 लाख रुपये नकद दिए। आरोपी ने परमेश्वर को कवर्धा तहसील कार्यालय में काम भी दिलाया, लेकिन करीब चार महीने तक वेतन नहीं मिला। इसके बाद नौकरी के दावे पर परिवार को संदेह हुआ। आरोपी ने दो अन्य युवकों को शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50-50 हजार रुपये लिए। नौकरी नहीं लगने और पैसे मांगने पर आरोपी ने मोबाइल बंद कर दिया। पुलिस अब रकम के लेन-देन, दस्तावेज और आरोपी के संपर्कों की जांच कर रही है।

Source: Source