पलवल के पेलक गांव निवासी युवा समाजसेवी और साहित्य प्रेमी हरीश पेलक का वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल-2026 के लिए चयन हुआ है। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के फर्स्ट एड लेक्चरर हरीश रूस में होने वाले महोत्सव में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह अंतरराष्ट्रीय महोत्सव 11 से 22 सितंबर तक आयोजित होगा। इसमें 191 देशों के युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतिभागी उद्यमिता, शिक्षा, विज्ञान, मीडिया, कला, डिजिटलाइजेशन और आईटी जैसे विषयों पर हिस्सा लेंगे। हरीश को 2017 में राष्ट्रपति द्वारा एनएसएस राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। 2019 में उन्हें हरियाणा सरकार का राज्य युवा पुरस्कार भी मिला था। 2022 में उन्होंने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रीय एकता दिवस पर भाषण दिया था। हरीश पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने 2016 में भूटान के अंतरराष्ट्रीय युवा नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था। 2018 में चीन के अंतरराष्ट्रीय युवा विनिमय कार्यक्रम और 2025 में रूस में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। हरीश ने एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमए राजनीति विज्ञान, एमएसडब्ल्यू और एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं और अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों व दोस्तों को देते हैं।

Source: Source