छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां रेप केस दर्ज कराने वाली युवती ने बाद में उसी युवक से शादी कर ली। कोर्ट के आदेश के बाद दोनों ने जगदलपुर सेंट्रल जेल में विवाह किया। दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे और वे एक-दूसरे को पसंद करते थे। युवती के अनुसार, शादी से इनकार के बाद उसने युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। युवक पिछले सात महीने से एससी-एसटी एक्ट के तहत जेल में बंद था। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत जारी रही और उन्होंने विवाह करने का फैसला लिया। युवती ने अदालत में आवेदन देकर शादी की अनुमति मांगी थी। कोर्ट के निर्देश के बाद जेल प्रशासन ने परिसर में मंडप तैयार कर विवाह की व्यवस्था की। पुलिस, वकील और दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में वैदिक रीति-रिवाजों से सात फेरे कराए गए। विवाह के बाद युवक को वापस जेल भेज दिया गया और उसकी रिहाई कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगी। दोनों ने बताया कि वे आपसी सहमति से वैवाहिक जीवन शुरू करना चाहते हैं। यह मामला बस्तर क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

Source: Source