छत्तीसगढ़ के भिलाई में करीब 70 फीट ऊंची नई पानी टंकी बच्चों और युवाओं के लिए सेल्फी स्पॉट बन गई है। आजाद चौक क्षेत्र में बनी इस टंकी पर चढ़कर लोग फोटो और वीडियो बना रहे हैं। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में बच्चे टंकी के ऊपरी हिस्से पर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। एक बच्चा ऊंचाई पर बैठकर अपने पैर बाहर लटकाता नजर आया। स्थानीय लोगों ने इस हरकत को बेहद जोखिम भरा बताया है। लोगों का कहना है कि छोटी सी लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है। टंकी की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात है, लेकिन बच्चे और युवा उसकी बात नहीं मानते। नगर निगम ने पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए इस 2000 किलोलीटर क्षमता वाली टंकी का निर्माण कराया है। अभी टंकी की टेस्टिंग पूरी नहीं हुई है और नियमित पानी सप्लाई भी शुरू नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने, रास्ता बंद करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

Source: Source