रेवाड़ी में एक निजी अस्पताल के सामने बिजली पोल लगाने के दौरान पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन कटने से गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद अस्पताल में मौजूद लोग अपने मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और पीएनजी कंपनी की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने गैस सप्लाई बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया। बताया जा रहा है कि बिजली निगम के कर्मचारी गड्ढा खोदते समय गलती से पाइपलाइन काट बैठे। अस्पताल का पीएनजी कनेक्शन चालू होने के कारण गैस का रिसाव तेजी से शुरू हुआ। आसपास के दुकानदार भी सुरक्षा के चलते अपनी जगहों से हट गए। गैस रिसाव बंद होने के बाद पाइपलाइन की मरम्मत और कनेक्शन बहाल करने का काम शुरू किया गया। घटना के बाद बिजली कर्मचारी मौके पर मौजूद ट्रैक्टर लेकर वहां से चले गए। हाल ही में हंस नगर में हुए गैस धमाके के बाद रेवाड़ी में पीएनजी सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी हुई है।

Source: Source