छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पापा ढाबे के खिलाफ खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है। ढाबे में जेंट्स टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का वीडियो वायरल होने के बाद जांच की गई। खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद ढाबे का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया। विभाग ने संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई है। वायरल वीडियो में एक कर्मचारी प्लेट, कटोरी और अन्य बर्तन धोता दिखाई दे रहा था। वीडियो एक ग्राहक ने बनाया था और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ढाबा संचालक मुन्ना ठाकुर ने इसे साजिश बताते हुए सफाई दी है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के कारण कुछ समय के लिए दूसरी जगह बर्तन धोए जा रहे थे। नगर पालिका अध्यक्ष ने भी वीडियो को ढाबे को बदनाम करने की कोशिश बताया है। स्थानीय लोगों ने जिले के अन्य ढाबों और रेस्टोरेंट की भी जांच कराने की मांग की है।

Source: Source