रोहतक की पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान यूनिवर्सिटी में दिवाली के पर्व को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। अगले दो-तीन दिन के लिए पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार के हादसे का शिकार मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके। हेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बताया कि इन दिनों वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है, इसलिए बहुत ही आवश्यक हो तो केवल ग्रीन पटाखे ही सीमित मात्रा में चलाएं। अभिभावक अपने बच्चों के साथ आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतें और बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें। उन्होंने मिलावटी मिठाई खाने से बचने की सलाह दी। दमा और अस्थमा के मरीजों को बाहर निकलते समय मास्क पहनने और भीड़भाड़ वाले तथा अत्यधिक प्रदूषित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई। रजिस्ट्रार डॉ. रूप सिंह ने बताया कि दीपावली को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने चिकित्सा सेवाओं को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। पीजीआईएमएस के ट्रॉमा सेंटर, बर्न यूनिट और इमरजेंसी विभाग में चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पर्याप्त मात्रा में दवाइयां, बेड, ऑक्सीजन और एंबुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है और 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।

Source: Source