लुधियाना के न्यू शिवाजी नगर इलाके में रविवार सुबह कूड़े के डंप में लगी आग से एक CNG कार जलकर राख हो गई। घटना ट्रांसपोर्ट नगर कट के सामने गंदे नाले के पास हुई। जानकारी के अनुसार, कूड़े के ढेर में लगी आग धीरे-धीरे पास खड़ी मारुति अर्टिगा कार तक पहुंच गई। CNG किट लगी होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से उठती लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कार पूरी तरह जल गई और सिर्फ उसका ढांचा बचा। कार मालिक की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि डंप पर लगातार अवैध रूप से कूड़ा फेंका और जलाया जाता है। लोगों ने नगर निगम से डंप हटाने की मांग करते हुए भविष्य में बड़े हादसे की आशंका जताई है।

Source: Source